नड्डा-तावड़े से लेकर ललन सिंह तक, शाह के घर हो रहीं धुआंधार बैठकें; बिहार में नई सरकार की कवायद तेज

Bihar Government Formation: बिहार में नई सरकार गठन की कवायद तेज हो गई है. बीजेपी के चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान और विनोद तावड़े ने गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात कर परिणामों और आगे की रणनीति पर चर्चा की. नीतीश कुमार के शपथ ग्रहण की तैयारी भी शुरू हो गई है. बीजेपी और जेडीयू ने विधायकों को पटना पहुंचने का निर्देश दिया है.

नई दिल्‍ली. बिहार में नई सरकार के गठन की उलटी गिनती शुरू हो गई है. सूत्रों के मुताबिक बिहार चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान और सह-प्रभारी विनोद तावड़े ने शनिवार को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की, जिसमें चुनावी नतीजों की समीक्षा और सरकार गठन की रूपरेखा पर अहम चर्चा हुई. बीजेपी और एनडीए गठबंधन ने भारी बहुमत के बाद सरकार बनाने की तैयारी तेज कर दी है. संकेत साफ हैं, 22 नवंबर से पहले शपथ ग्रहण की पूरी स्क्रिप्ट तैयार की जा रही है. उधर, दिल्ली में जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने भी नई सरकार के गठन को लेकर अमित शाह से मुलाकात की. ललन सिंह और जेपी नड्डा ने अमित शाह से मुलाकात की और नई सरकार के गठन को लेकर मंथन किया.

नीतीश सोमवार को देंगे इस्‍तीफा

जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सोमवार को राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप सकते हैं, जिसके बाद नई सरकार बनाने की प्रक्रिया औपचारिक रूप से शुरू होगी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपलब्धता को ध्यान में रखते हुए शपथ ग्रहण समारोह की तारीख फाइनल होगी. पटना में प्रशासनिक हलचल बढ़ गई है और बीजेपी-जेडीयू दोनों ने अपने विधायकों को तुरंत राजधानी पहुंचने का निर्देश दे दिया है.

एनडीए विधायक दल की बैठक
अगले सप्ताह का राजनीतिक कैलेंडर लगभग तय माना जा रहा है. पहले जेडीयू, बीजेपी, हम और आरएलएम के विधायक दल की अलग-अलग बैठकें होंगी, जिनमें नेता चुनने और नए सियासी समीकरणों पर चर्चा होगी. इसके बाद मुख्यमंत्री आवास में एनडीए विधायक दल की संयुक्त बैठक होगी जिसमें औपचारिक रूप से नीतीश कुमार को नेता चुना जाएगा. इस बार भाजपा और जेडीयू के बीच तालमेल बेहद सहज दिखाई दे रहा है, जिसका श्रेय चुनाव से पहले हुए माइक्रो-मैनेजमेंट और पोस्ट-रिजल्ट तुरंत हुई हाई-लेवल चर्चाओं को दिया जा रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *